नेशनल डेस्क। आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में एक महिला यमुना में छलांग लगाने के लिए रैलिंग पर खड़ी थी। तभी पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने के बाद बचा लिया। महिला ने बताया कि ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर वह जान देने के लिए तैयार थी।
महिला ने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसकी शादी 12 वर्ष पहले हुई थी और उसकी 9 वर्ष की एक बेटी भी है। लेकिन ससुराल वाले उसे काफी समय से प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसे कभी चोरी के झूठे आरोप में तो कभी दहेज के ताने मारकर उसके साथ मारपीट करते हैं और घर से बाहर निकाल देते हैं।
पुलिसकर्मियों ने महिला को शांत कराया और उसकी बेटी के साथ उसे सुरक्षित घर पहुंचाया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
इस बचाव अभियान में शामिल पीआरवी 0017 के सिपाही विकेश चंद, दीपेंद्र पाल और प्रेम शंकर की बहादुरी की सराहना की जा रही है। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से एक जान बच गई।