नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जालसाजों ने एक युवती को अपना निशाना बनाया। इसे दो घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा। धमका कर उससे 1.24 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। मामले में पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
मामला आलमबाग थाना क्षेत्र के ओम नगर का है। यहां की निवासी एकता चतुर्वेदी ने थाने में तहरीर दी। बताया कि 18 अक्तूबर को अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने ट्राई का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपके आधार कार्ड से दो मोबाइल नंबर लिंक हैं। युवती ने एक ही नंबर प्रयोग करने की बात कही।
जालसाज ने पूछताछ की बात कहते हुए कॉल मुंबई पुलिस हेडक्वार्टर ट्रांसफर कर दी। दूसरे जालसाज ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताया। कहा कि तुम्हारे दूसरे मोबाइल नंबर का प्रयोग मनी लॉन्ड्रिंग में हुआ है। झांसे में आने पर आरोपियों ने एकता को करीब दो घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा। इसके बाद बैंक अकाउंटों से कुल 1.24 लाख रुपये ट्रांसफर करवाया। फिर जालसाजों ने फोन ऑफ कर लिए।
पहले भी हो चुकी ठगी
एसजीपीजीआई की महिला डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर जालसाजों ने ठगे थे 2.81 करोड़ रुपये।
हजरतगंज के अशोक मार्ग पर रहने वाले डॉक्टर पंकज रस्तोगी की पत्नी दीपा से ठगे थे 2.71 करोड़ रुपये।
अलीगंज सेक्टर एच निवासी डॉक्टर अशोक सोलंकी को 36 घंटे डिजिटल अरेस्ट कर ठगे गए थे 48 हजार