बालिकाओं ने दिखाया वैज्ञानिक सोच, विभिन्न मॉडलों का निर्माण और प्रदर्शन
प्रयागराज। जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा खास में विज्ञान प्रदर्शनी और विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न मॉडलों का निर्माण और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में बालिकाओं ने विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक मॉडल को बनाकर प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉक्टर पीके मिश्रा ने कहा कि वैज्ञानिक सोच के अनुसार क्रियात्मक मॉडल बनाकर बच्चे अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। देश के विकास के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान बहुत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वरिष्ठतम शिक्षक डॉ डीके त्रिपाठी ने बच्चों के योगदान की सराहना की, जबकि डॉ अरविंद चौधरी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां भविष्य के वैज्ञानिक बनने का मार्ग प्रशस्त करती हैं। डॉ रजनीश परिहर, चंदन सिंह और उमंग गोयल ने इस प्रदर्शनी के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
इस प्रदर्शनी के आयोजन में श्रीमती दीपिका श्रीवास्तव, श्रीमती कामिनी सिन्हा, श्रीमती बिंदु यादव और श्री अभिषेक श्रीवास्तव ने भी अपना अमूल्य योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने अपनी प्रतिभा को निखारा।