नेशनल डेस्क। बरेली स्थित बहेड़ी के रोहनिया गांव में एक किसान महेंद्र सिंह का शव नहर के किनारे पड़ा मिला, जिसमें कई जगह चोट के निशान थे। परिजनों ने ईंट भट्ठा संचालक और उसके मुंशी पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
महेंद्र सिंह का खेत शीशगढ़ के एक युवक ने ईंट भट्ठा संचालन के लिए किराये पर लिया था और उनकी जेसीबी भी किराये पर इसी भट्ठे पर चलती थी। परिजनों का कहना है कि महेंद्र का किराये को लेकर ईंट भट्ठा संचालक से विवाद चल रहा था।
मंगलवार को शाम करीब छह बजे मोबाइल फोन पर कॉल आने के बाद महेंद्र घर से निकल गए और कुछ घंटे बाद भट्ठा संचालक ने ही उनका शव नहर के पास पड़ा होने की सूचना परिजनों को दी। परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो महेंद्र के शरीर पर चोट के कई निशान मिले और बाइक पास में ही खड़ी थी।
परिजनों ने हादसा मानने से इन्कार कर दिया और भतीजे मोहित सिंह ने पुलिस को तहरीर में ईंट भट्ठा मालिक व मुंशी पर ही हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।