नेशनल डेस्क। यूपी के आगरा में रील बनाने के चक्कर में एक युवक रीयल लाइफ से हाथ धो बैठा। दरअसल पुराने शहर के सराफा बाजार नमक की मंडी (कोतवाली) में शनिवार की सुबह रील बनाने के चक्कर में एक युवक की जान चली गई। युवक चौथी मंजिल पर था। स्लो मोशन में डांस के स्टेप करते हुए लोहे का जाल उठा रहा था तभी पैर फिसल गया। चौथी से सीधे तीसरी मंजिल पर आया। सिर बुरी तरह कुचल गया। अफरा-तफरी मच गई। साथी हॉस्पिटल लेकर गए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना सीसीटीवी में कैद है। सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है।
घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि अब्बास नगर, ताजगंज निवासी आरिफ जौहरी प्लाजा में संतोष राठौर के कारखाने पर काम करता था। पुलिस को सोशल मीडिया से हादसे की सूचना मिली। पुलिस मौके पर जांच करने गई थी। सीसीटीवी फुटेज देखा। सुबह मार्केट खुलने का समय था। आरिफ सहित चार कर्मचारी पहुंचे थे। एक दुकान का शटर खोल रहा था। दो युवक लोहे के टट्टर के पास बैठे थे। आरिफ डांस कर रहा था। संभवतः एक साथी मोबाइल से उसका वीडियो बना रहा था। आरिफ डांस स्टेप करता हुआ टट्टर के पास आया।
वीडियो में आवाज आ रही है कि किसी ने बोला कि जाल उठा। जैसे ही वह लोहे का जाल (टट्टर) उठाता है उसका पैर फिसल जाता है। वह नीचे गिरता है। अन्य कर्मचारी घबरा जाते हैं। उठकर उसे पकड़ने का प्रयास करते हैं। मार्केट में उस समय कुछ और लोग भी मौजूद थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरिफ चौथी से सीधे तीसरी मंजिल पर नहीं गिरा था। चौथी मंजिल के टट्टर में उसकी गर्दन फंस गई थी। कुछ पल के लिए वह हवा में लटका रहा।