नेशनल डेस्क। कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका सपना देवी (22) की शादी महज तीन महीने पहले अर्जुन रैदास के साथ हुई थी।
मृतका के परिजनों ने बहन के पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई लवलेश ने बताया कि सपना की शादी 10 जुलाई को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में अतिरिक्त एक लाख नकदी और सोने की जंजीर मांगने लगे। असमर्थता जताने पर उन्होंने सपना को प्रताड़ित किया।
मंगलवार रात भी पति समेत ससुरालियों ने सपना की पिटाई की और गला दबा दिया। इसके बाद उन्होंने सपना को महगांव ले जाकर परिवार को सूचित किया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सपना को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पति अर्जुन समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष बृजेश करवरिया ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा लिखा जा रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। सपना के परिजनों ने न्याय की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी।